No title

॥ श्रीहरि:॥

निवेदन

आध्यात्मिक जगत‍्में सत्संगकी बड़ी महिमा है। जो व्यक्ति मानव-जीवन प्राप्त कर इसी जीवनमें जन्म-मरणके बन्धनसे मुक्त होना चाहता है अर्थात् जिसके हृदयमें परमात्मप्रभुको प्राप्त करनेका दृढ़ भाव है और इसके लिये सतत प्रयत्नशील है—वही व्यक्ति साधक है। क्योंकि साधकमें साधुता तो होनी ही चाहिये, बिना साधुताके साधना सिद्ध नहीं हो सकती। वास्तवमें साधुतासे सांसारिक लोग अपरिचित होते हैं, वे व्यवहारकुशल तो होते हैं, परंतु व्यवहारमें तथा जीवनमें साधुता कैसे आये, यह नहीं जानते।

सामान्यत: आस्तिकजन जो परमात्मामें आस्था और विश्वास रखते हैं, वे अपने पूरे समयका कुछ अंश अर्थात् चौबीस घंटेमें एक-दो घंटे भगवान‍्की सेवा-पूजामें लगानेका प्रयत्न करते हैं, परंतु बाकी पूरा समय उनका अपने स्वार्थकी सिद्धिमें लगता है, जिसमें काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद, मात्सर्य, ईर्ष्या, राग-द्वेष आदिसे वे मुक्त नहीं हो पाते। एक-दो घंटेका समय जो भगवान‍्की पूजा तथा सेवा आदिमें लगता है, उसका पुण्य उन्हें प्राप्त होता है। इसके साथ ही बचे हुए बाईस घंटोंमें उनके जो भी सत्-असत् आचरण होते हैं, उनका भी फल उन्हें भोगना पड़ता है —यह उनके बन्धनका मुख्य कारण है।

अत: जिन्हें संसार-सागरकी भवाटवीसे पार होना है अर्थात् इसी जीवनमें बन्धनोंसे मुक्त होकर भगवत्सन्निधि प्राप्त करनी है, उन साधकोंको अपने जीवनमें साधुता लानी ही होगी। साधुता लानेका तात्पर्य है कि अपने अन्त:करणके भावोंको शुद्ध करना तथा अपने सम्पूर्ण जीवनको भगवान‍्की पूजामें परिणत कर देना। चौबीस घंटेका समय स्वार्थकी जगह परमार्थमें परिणत हो जाय—यही है साधुताका स्वरूप। यह साधुता कैसे प्राप्त होगी, इसका एकमात्र उपाय है—‘सत्सङ्ग’। किंतु यह सत्सङ्ग उसी व्यक्तिसे प्राप्त हो सकता है, जिसका स्वयंका साधु-जीवन हो और जिसने अपने जीवनके अनुभवोंको सबके कल्याणकी दृष्टिसे प्रकट किया हो।

प्रस्तुत पुस्तकमें एक ऐसे महापुरुषकी वाणी उन्हींकी मातृभाषामें सँजोयी गयी है, जिनका सम्पूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, साधना और साधुताका उदाहरण है।

पं० श्रीगयाप्रसादजी व्रजकी एक महान् विभूति तो थे ही, साथ ही आध्यात्मिक जगत‍्के प्रेरणास्रोत भी थे। वे सर्वस्व त्याग कर विरक्त भावसे जीवनपर्यन्त तपोमयी व्रजभूमिमें साधनामें संलग्न थे। वे एक उच्चकोटिके साधक एवं सिद्ध संत थेे।

साधनावस्थामें अपनी अनुभूति और अपने अनुभवोंके आधारपर उनके द्वारा समय-समयपर जो उद‍्गार व्रजभाषामें प्रकट किये गये, उन्हें उनके भक्तोंने लिपिबद्ध कर लिया। आशा है साधकगण इससे अवश्य लाभान्वित होंगे।

Previous Next

نموذج الاتصال